मोदीनगर/गाजियाबाद (शिखर समाचार)। समाज सेवा और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए संतोष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को असीम अरुण द्वारा “एक्सीलेंस इन मेडिकल एजुकेशन एंड सर्विसेज अवार्ड” से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अस्पताल की जनरल मैनेजर डॉ. श्वेता चौधरी ने आभार व्यक्त करते हुए इसे पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताया।
ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
इसी क्रम में संतोष हॉस्पिटल द्वारा ब्लॉक भोजपुर के गांव औरंगाबाद गदाना में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और लोगों को विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को उचित परामर्श दिया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की सक्रिय भागीदारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
इस पहल में मेडिसिन, बाल रोग (पीडियाट्रिक), नेत्र रोग (ऑप्थल्मोलॉजी) तथा डाइटिशियन विभाग के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। डॉक्टरों ने ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मंजू शिवाच सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इस दौरान मंत्री और विधायक ने संतोष हॉस्पिटल द्वारा जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर अत्यंत लाभकारी होते हैं। कार्यक्रम में डॉ. श्वेता चौधरी को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
टीबी मुक्त गांव अभियान और सामाजिक पहल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
संतोष हॉस्पिटल वर्तमान में ब्लॉक रजापुर और ब्लॉक भोजपुर के लगभग 100 गांवों को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। इसके तहत विभिन्न गांवों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, टीबी जागरूकता अभियान और दवा वितरण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. श्वेता चौधरी के नेतृत्व में सीनियर मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव सोनू भारती, मनीष कुमार और सोनू कुमार का विशेष योगदान रहा। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की अपेक्षा जताई।
