बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)।
थाना बुढ़ाना पुलिस ने लग्जरी वाहनों की चोरी कर उनके चेसिस नंबर बदलकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेचने वाले अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन फॉरच्यूनर गाड़ियां बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.80 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
खंडहर में दबिश देकर गिरोह का खुलासा
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक सक्रिय अंतर्राज्यीय गिरोह चोरी व फाइनेंस के वाहनों को खरीदकर उनके इंजन व चेसिस नंबर बदल देता है और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें बेचता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुढ़ाना-कांधला मार्ग स्थित विज्ञाना मार्ग के पास एक खंडहर में दबिश दी। मौके पर मौजूद दो संदिग्धों को बिना मौका दिए गिरफ्तार कर लिया गया और वहां से तीन फॉरच्यूनर गाड़ियां बरामद की गईं।
कश्मीर से गाजियाबाद तक जुड़े तार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आदिल और मनीष के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जिसमें प्रत्येक सदस्य की अलग-अलग भूमिका तय है। गिरोह के कुछ सदस्य वाहन चोरी कर उपलब्ध कराते हैं, जबकि अन्य सदस्य चेसिस नंबर मिटाकर फर्जी नंबर प्लेट व दस्तावेज तैयार करते हैं। इसके बाद ये लोग ग्राहकों को तलाश कर वाहन बेचते हैं और अवैध कमाई को आपस में बांट लेते हैं।
पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
थाना बुढ़ाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री सहित पूरी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। उल्लेखनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम को 15,000 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
