दादरी (शिखर समाचार)। नगर पालिका परिषद दादरी की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को नगर क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली 2026 के प्रति जागरूक करने के साथ घर से ही कचरे को अलग-अलग रखने की आदत विकसित करना रहा। अभियान के दौरान वार्ड 11 में स्वच्छ वातावरण समिति के अध्यक्ष, नागरिकों और महिलाओं के साथ विशेष बैठक कर कचरा पृथक्करण की जानकारी दी गई।
चार रंगों के कूड़ेदानों में कचरा अलग रखने की दी जानकारी
बैठक में नागरिकों को चार अलग-अलग रंगों के कूड़ेदानों में कचरा रखने की व्यवस्था समझाई गई। हरे कूड़ेदान में गीला कचरा, नीले में सूखा कचरा, काले में घरेलू हानिकारक कचरा और लाल कूड़ेदान में सैनिटरी अपशिष्ट रखने के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद पालिका की टीम ने वार्ड के विभिन्न घरों में घर-घर संपर्क कर लोगों को स्रोत पर ही कचरा अलग करने के लिए प्रेरित किया।
स्कूल में बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अभियान के दूसरे चरण में वार्ड 7 स्थित शेफाली पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां ‘स्वच्छ सारथी क्लब’ के बच्चों को सामूहिक स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों को खेल-खेल में चार कूड़ेदानों के माध्यम से कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक मुक्त परिसर और स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों से अपने घर और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया गया। नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी कर दादरी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में सहयोग देने की अपील की।
