बिजनौर (शिखर समाचार)। नवागत आईएएस अधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने बुधवार को बिजनौर के जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण कर लिया। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग से स्थानांतरित होकर बिजनौर पहुंचे उमेश प्रताप सिंह ने कोषागार पहुंचकर पदभार ग्रहण करने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर जिले की प्रशासनिक व्यवस्था और प्राथमिकताओं की जानकारी ली।
निर्धारित समय से पहले पत्रकार वार्ता समाप्त होने से पत्रकार निराश
नवागत जिलाधिकारी के कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से औपचारिक बातचीत के लिए सूचना विभाग की ओर से दोपहर 12:30 बजे महात्मा विदुर सभागार में पत्रकार वार्ता का समय निर्धारित किया गया था। निर्धारित समय पर कलेक्ट्रेट पहुंचे कई पत्रकारों को उस समय निराशा का सामना करना पड़ा, जब उन्हें जानकारी मिली कि पत्रकार वार्ता निर्धारित समय से पहले ही शुरू होकर समाप्त हो चुकी है। इसके चलते जिले के कई वरिष्ठ पत्रकार नवागत जिलाधिकारी से मुलाकात और संवाद किए बिना ही वापस लौट गए।
सूचना विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
पत्रकारों का कहना है कि जब पत्रकार वार्ता का समय दोपहर 12:30 बजे निर्धारित किया गया था, तो उसे उससे पहले समाप्त करना उचित नहीं था। सीमित संख्या में लोगों की मौजूदगी में समय से पहले पत्रकार वार्ता किए जाने को लेकर सूचना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। पत्रकारों में इस बात को लेकर नाराजगी देखी गई कि नवागत जिलाधिकारी के साथ पहली औपचारिक मीडिया बातचीत के अवसर पर ही सूचना विभाग बेहतर समन्वय नहीं बना सका। स्थानीय पत्रकारों ने भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने तथा मीडिया के साथ कार्यक्रमों के समय और सूचना को लेकर बेहतर समन्वय बनाए जाने की मांग की है।
