ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
शासन के निर्देशानुसार सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को जनपद गौतमबुद्धनगर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जनपद के विभिन्न शिवालयों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
श्री वोड़ेश्वर महादेव मठ में मुख्य आयोजन
मुख्य कार्यक्रम ग्राम सदरपुर, सेक्टर-45 नोएडा स्थित प्राचीन शिव मंदिर श्री वोड़ेश्वर महादेव मठ में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, वैदिक मंत्रोच्चारण एवं भगवान शिव की आराधना से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह एवं आस्था के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी सामूहिक रूप से देखा गया। उपस्थित लोगों ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़े विचारों को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम में सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व, उसके संघर्षपूर्ण इतिहास एवं पुनरुत्थान की गौरवगाथा पर प्रकाश डाला गया।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम में महानगर नोएडा जिलाध्यक्ष महेश चौहान, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत, खंड विकास अधिकारी बिसरख तथा मंदिर के महंत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
