रिश्वतखोरी के अड्डे पर विजिलेंस का शिकंजा, खनन अधिकारी व बाबू समेत तीन गिरफ्तार

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Vigilance Cracks Down on Bribery Hub, Three Arrested Including Mining Officer and Clerk IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

—–+85 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए अधिकारी-बाबू, खनन कार्यालय से 8 लाख और आवास से करीब 60 लाख की नकदी मिलने से मचा हड़कंप

शामली (शिखर समाचार)। नवीन कलक्ट्रेट स्थित जिला खनन कार्यालय में गुरुवार को मेरठ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत के मामले में जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और लिपिक सद्दाम को 85 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान खनन अधिकारी के आवास से नोटों से भरे तीन बैग मिलने से मामला और गंभीर हो गया। टीम ने करीब 60 लाख रुपये नकद बरामद होने की जानकारी दी है। कार्यालय की तलाशी में भी करीब आठ लाख रुपये मिले। मामले में सद्दाम के भाई सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

आवास में मिले नोटों से भरे तीन बैग

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

जानकारी के अनुसार झिंझाना क्षेत्र के गांव मंगलौरा निवासी परमाल ने खनन का ठेका लिया था। आरोप है कि ठेका चालू कराने की अनुमति के नाम पर उससे 1.35 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई। परमाल ने इसकी शिकायत मेरठ विजिलेंस से की। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने जाल बिछाया और गुरुवार को 12 सदस्यीय टीम शामली पहुंची।

शिकायतकर्ता को साथ लेकर टीम नवीन कलक्ट्रेट स्थित जिला खनन कार्यालय पहुंची। जैसे ही 85 हजार रुपये की रिश्वत की रकम दी गई, विजिलेंस टीम ने खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और लिपिक सद्दाम को दबोच लिया। बताया गया कि शिकायतकर्ता पहले ही 50 हजार रुपये अधिकारी के बैंक खाते में जमा करा चुका था।

थाने में मशीन से गिनी गई नकदी

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

कार्यालय में कार्रवाई के बाद विजिलेंस टीम ने खनन अधिकारी के आवास की भी तलाशी ली। यहां तीन अलग अलग बैगों में रखी नकदी बरामद होने की बात सामने आई है। बरामद रकम करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा कार्यालय से करीब आठ लाख रुपये मिलने से विजिलेंस टीम भी जांच में जुट गई।

बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने के बाद टीम आरोपियों और बरामद रकम को लेकर थाना आदर्श मंडी पहुंची। यहां नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी। देर शाम तक पुलिस और विजिलेंस अधिकारी आरोपियों से पूछताछ करते रहे। तीसरे आरोपी के साथ कर्मचारी रोनू की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विजिलेंस टीम बरामद नकदी, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।

Share This Article
Leave a comment