देहरादून (शिखर समाचार)।
पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड की ओर आने का प्रयास कर रहे निहंग सिख समुदाय के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के बीच शुक्रवार को पांवटा साहिब सीमा पर स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में रही। प्रशासन एवं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने किया सीमा का निरीक्षण
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शुक्रवार को पांवटा साहिब सीमा का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था और सघन जांच जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सीमा क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ गुरुद्वारा पांवटा साहिब में सौहार्दपूर्ण वातावरण में वार्ता भी जारी है।
प्रशासन की शांति बनाए रखने की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है और प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन तथा पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी संवाद के माध्यम से स्थिति पूरी तरह सामान्य बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि सीमा क्षेत्र सहित सभी संभावित प्रवेश मार्गों पर प्रभावी नाकेबंदी की गई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी तथा शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।
