पलायन की पहचान छोड़ विकास का मॉडल बना शामली : मुख्यमंत्री योगी

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Shamli Has Shed the Identity of Migration and Emerged as a Model of Development: Chief Minister Yogi IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

शामली (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कैराना स्थित विजय सिंह पथिक राजकीय महाविद्यालय में आयोजित जनसभा में शामली जनपद को 581 करोड़ रुपये की लागत वाली 89 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले शामली की पहचान पलायन, अपराध और बदहाल कानून व्यवस्था से होती थी, जबकि आज यह जनपद विकास, सुशासन और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए जाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपराध और माफिया पर प्रभावी कार्रवाई कर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है।

कैराना-पलायन की स्थिति बदली, अब सुरक्षित माहौल में हो रहा विकास

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय कैराना और कांधला से लोग पलायन करने को मजबूर थे तथा बहन-बेटियां भी असुरक्षित महसूस करती थीं, लेकिन अब प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण है। उन्होंने कहा कि शामली अब केवल गन्ना उत्पादन के लिए ही नहीं, बल्कि एक्सप्रेसवे की त्रिवेणी और तेजी से विकसित हो रहे जनपद के रूप में भी अपनी नई पहचान बना रहा है।

उन्होंने बताया कि बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए गए हैं तथा 420 केवीए क्षमता की विद्युत व्यवस्था से बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

गन्ना किसानों और युवाओं के हित में किए गए कार्यों का किया जिक्र

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

गन्ना किसानों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के समय प्रदेश की चीनी मिलों की स्थिति खराब थी, लेकिन अब 122 चीनी मिलें संचालित हैं और किसानों को 400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गन्ना मूल्य मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है, जिससे युवाओं को बिना किसी भेदभाव के रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा पूरी मर्यादा, अनुशासन और सुरक्षा के साथ संपन्न होगी तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में दिनेश खटीक, मोहित बेनीवाल, वीरेन्द्र सिंह, प्रसन्न चौधरी, सुरेश राणा, प्रदीप चौधरी, तेजेंद्र निर्वाल, रामजीलाल कश्यप, वाजिद अली, मृगांका सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment