हरिद्वार (शिखर समाचार)। हरिद्वार कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। बृहस्पतिवार को मेला नियंत्रण भवन के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ के लिए विकसित होने वाली सुविधाएं स्थायी हों, ताकि हरिद्वार के लोगों को भी वर्षभर उनका लाभ मिल सके।
कुंभ-2027 की तैयारियों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर जोर
सतपाल महाराज ने संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए पिछले आयोजनों के अनुभवों के आधार पर व्यापक कार्ययोजना तैयार करने को कहा। बसों और ट्रेनों के संचालन की ठोस योजना बनाने, उसका प्रचार-प्रसार करने तथा भगदड़ की आशंका रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रेनों के प्रस्थान से ठीक पहले प्लेटफॉर्म बदलने जैसे अचानक बदलावों से बचने और आपात स्थिति में भीड़ की सुरक्षित निकासी के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार रखने पर जोर दिया। पार्किंग स्थलों और अस्थायी बस अड्डों से प्रमुख घाटों तक श्रद्धालुओं के लिए शटल बस सेवा उपलब्ध कराने को भी कहा।
सड़क, घाट, स्वास्थ्य और स्वच्छता सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
मंत्री ने सड़कों, पुलों, घाटों और मंदिरों तक जाने वाले मार्गों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा रोप-वे की सुरक्षा जांच कराने के निर्देश दिए। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के लिए रैंप, चेंजिंग रूम, चिकित्सा सुविधाएं, एंबुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संक्रामक बीमारियों की रोकथाम, नियमित सफाई, कूड़ा एवं सीवरेज प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली और दूरसंचार सेवाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि अधिकांश निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं। पुलों, घाटों और सड़कों की परियोजनाओं की निगरानी की जा रही है। बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त नंदन कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। देहरादून, पौड़ी और टिहरी के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया।
