हरिद्वार (शिखर समाचार)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने ज्वालापुर स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में सोलर ड्यूल हैंडपंप और मंच शेड का लोकार्पण किया। छात्राओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से ये व्यवस्थाएं की गई हैं। इस अवसर पर वैश्विक हाथ धुलाई दिवस के मौके पर विद्यालय में डेटॉल स्कूल स्वच्छता शिक्षा कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया गया।
सोलर हैंडपंप और मंच शेड का किया लोकार्पण
कार्यक्रम का उद्घाटन मदन कौशिक, विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम राणा और स्थानीय पार्षद निशा पुंडीर सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने फीता काटने के साथ सोलर हैंडपंप का संचालन कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान कार्यक्रम के बैनर और शिलापट का अनावरण भी किया गया।
हाथ धुलाई दिवस पर छात्राओं को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
वैश्विक हाथ धुलाई दिवस पर छात्राओं और शिक्षकों को संबोधित करते हुए मदन कौशिक ने कहा कि नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोना स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी है। भोजन करने से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद अच्छी तरह हाथ धोने से दस्त और संक्रमण जैसी बीमारियों का खतरा कम किया जा सकता है। उन्होंने वर्ष 2026 की थीम ‘हाथ धोने के नायक बनें’ का उल्लेख करते हुए छात्राओं से स्वच्छता की आदत अपनाने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने हथेलियों, उंगलियों के बीच और नाखूनों की सफाई करते हुए कम से कम 20 सेकंड तक साबुन से हाथ धोने पर जोर दिया।
मंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन रश्मि डबराल ने किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, डेटॉल के जिला प्रभारी प्रकाश नेगी, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र कटारिया, प्रधानाचार्य पूनम राणा, पार्षद निशा पुंडीर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
