दोदराजपुर में घुसे सात जंगली हाथी, स्कूल के द्वार बंद कर रोकी गई बच्चों की छुट्टी

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Seven Wild Elephants Enter Dodrajpur; School Gates Closed and Students' Dispersal Halted as a Safety Precaution. IMAGE CREDIT TO खबर

बिजनौर (शिखर समाचार)। बढ़ापुर क्षेत्र के ग्राम दोदराजपुर में जंगल से निकलकर पहुंचे सात जंगली हाथियों के झुंड ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी। हाथियों को गांव की सड़क और खेतों में घूमता देखकर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने वनकर्मियों के साथ मिलकर पटाखे फोड़कर और शोर मचाकर हाथियों को वापस जंगल की ओर खदेड़ा। हाथियों की मौजूदगी के चलते आशादीप संस्था के संत जोसफ स्कूल में बच्चों की छुट्टी भी सुरक्षा के मद्देनजर देरी से करनी पड़ी।

सात जंगली हाथियों के झुंड ने गांव में मचाई अफरातफरी, स्कूल के गेट किए बंद

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जानकारी के अनुसार हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर सीमावर्ती खेतों और गांवों से होता हुआ दोदराजपुर स्थित आशादीप संस्था के बाहर सड़क तक पहुंच गया। स्कूल के आसपास हाथियों को देखकर संस्था प्रबंधन ने परिसर के सभी मुख्य द्वार बंद कर दिए और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए छुट्टी रोक दी। इस दौरान ग्रामीण हाथियों पर नजर रखते हुए उन्हें भगाने का प्रयास करते रहे।

सूचना मिलने पर साहूवाला रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ दिया। हाथियों के खेतों से गुजरने के कारण किसानों की गन्ने की फसल को भी नुकसान पहुंचा। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें ग्रामीण हाथियों को सड़क और खेतों से भगाते दिखाई दे रहे हैं।

वन विभाग से हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

आशादीप संस्था के निदेशक फादर फ्रांसिस केओ तथा ग्रामीण जगदीप सिंह, प्रगट सिंह, महेंद्र सिंह, फत्ते सिंह और कैलाश सिंह ने वन विभाग से हाथियों की मैदानी क्षेत्रों में आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। साहूवाला रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रामवृक्ष राव ने बताया कि वनकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को जंगल में खदेड़ दिया है। क्षेत्र में वनकर्मियों की गश्त बढ़ाई जाएगी।

Share This Article
Leave a comment