गाजियाबाद (शिखर समाचार)। बीती 19 जून 2026 को थाना नंदग्राम क्षेत्र में तरुण के ऊपर हुई फायरिंग में पुलिस ने आकाश, सागर और राहुल को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। फायरिंग में तरुण के हाथ में गोली लगी थी और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक 32 बोर की पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। संवाददाता सम्मेलन में सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि 19 जून 2026 को नंदग्राम निवासी तरुण ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आकाश त्यागी समेत कई लोगों ने उस पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई।
इस हमले में गोली उसके हाथ में लगी
इस हमले में गोली उसके हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। शिकायत मिलने के बाद नंदग्राम थाने में तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कई टीमों का गठन किया। चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार इन तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि इस घटनाक्रम में अभी कई लोग फरार हैं और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व तरुण ने सागर के साथ मारपीट की थी, जिसमें उसके मुंह और हाथ पर गंभीर चोट आई थी। पिटाई के बाद सागर ने तरुण को मिलने के लिए अनलिमिटेड होटल पर बुलाया था। बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई और राहुल ने तरुण के ऊपर गोली चला दी। गोली चलते ही वह सभी लोग मौके से फरार हो गए।
