गाजियाबाद (शिखर समाचार)। अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए बस रही कॉलोनियों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के सख्त निर्देशों के बाद, जीडीए के प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने रईसपुर और सदरपुर इलाके में विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कॉलोनाइजरों ने जमकर हंगामा किया, लेकिन पुलिस बल के आगे उनकी एक न चली।
हजारों वर्ग मीटर जमीन पर चला बुलडोजर
प्रवर्तन जोन-3 के प्रभारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में कई बीघा जमीन को अतिक्रमण और अवैध निर्माण से मुक्त कराया गया। जीडीए की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण किया।
रईसपुर (सूर्या गार्डन के पास) खसरा संख्या-1277, 1278 और 1279 पर सतेन्द्र सिंह, जयप्रकाश, विजेन्द्र और सुमेर सिंह द्वारा करीब 4500 वर्ग मीटर में किए जा रहे अवैध निर्माण को तोड़ा गया।
सूर्या एन्क्लेव में वीरेंद्र चौधरी उर्फ लल्लू (पुत्र अमरपाल) द्वारा लगभग 20 बीघे जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी बुलडोजर चलाया गया।
वहीं रईसपुर (खसरा संख्या-1267) में सतेन्द्र सिंह, संदीप चौधरी और देवेन्द्र द्वारा करीब 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किए जा रहे अनाधिकृत विकास कार्यों को भी ध्वस्त कर दिया गया।
हंगामे के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
कार्रवाई के दौरान जब जीडीए का दस्ता मौके पर पहुंचा तो कॉलोनाइजरों और स्थानीय लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद प्राधिकरण और स्थानीय पुलिस बल ने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुचारू रूप से पूरी की गई।
इस अभियान के दौरान जीडीए के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर/मेट सहित बड़ी संख्या में प्राधिकरण और स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा। जीडीए की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध कॉलोनाइजरों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
