मंडलायुक्त की समीक्षा बैठक में विकास कार्यों पर सख्ती, सीएम डैशबोर्ड सुधारने के निर्देश

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
In the divisional commissioner’s review meeting, strict instructions were given regarding development works, and directions were issued to improve the CM dashboard. IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

मुजफ्फरनगर। (शिखर समाचार) सहारनपुर मंडल के आयुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद के विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं और सीएम डैशबोर्ड की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।

सीएम डैशबोर्ड प्रदर्शन पर असंतोष, सुधार के निर्देश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

मंडलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड में बी, सी और डी ग्रेड वाले विभागों के प्रदर्शन पर असंतोष जताया और सुधार के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति, नियोजन, जिला पंचायतीराज, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, लोक निर्माण विभाग और एनआरएलएम को रैंकिंग सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा गया।

बैठक में 14 विलंबित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इनमें राजकीय प्रक्षेत्र लोई के ब्लॉकों का सुदृढ़ीकरण, स्वामी कल्याण देव राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में पंचकर्म इकाई, पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल, पुरकाजी जलापूर्ति योजना, पानीपत-खटीमा मार्ग चौड़ीकरण, ग्रामीण संपर्क मार्ग और गंगा नहर से जुड़ी परियोजनाएं शामिल रहीं। गुणवत्ता से समझौता न करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।

जनहित कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

अन्य कार्यों में फैमिली आईडी अभियान, गन्ना भुगतान, फार्मर रजिस्ट्री, स्कूलों में स्मार्ट क्लास और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा गया। लोक निर्माण विभाग को सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और विद्युत विभाग को स्मार्ट मीटर व नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं में सभी सीएचसी-पीएचसी पर डॉक्टरों की उपस्थिति और मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक के बाद मंडलायुक्त ने चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। परियोजनाओं की प्रगति 51 और 55 प्रतिशत बताई गई।

बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या, अपर जिलाधिकारी गजेंद्र कुमार व संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार तेवतिया सहित अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सभी निर्देशों के पालन का आश्वासन दिया।

Share This Article
Leave a comment