बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। कांधला रोड स्थित मेपल्स एकेडमी में अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस के अवसर पर छात्रों के बीच नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
चार सदनों ने लोकनृत्य की दी सांस्कृतिक झलक
आयोजित प्रतियोगिता में आजाद, भगत, नेहरू और पटेल सदनों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रत्येक सदन ने एक विशिष्ट भारतीय लोकनृत्य शैली प्रस्तुत कर सांस्कृतिक विविधता की सुंदर झलक दिखाई। आजाद सदन ने गरबा, भगत सदन ने घूमर, नेहरू सदन ने बिहू तथा पटेल सदन ने मणिपुरी नृत्य की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा, संगीत और भाव-भंगिमा के माध्यम से भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में अतिथि आशीष रुधियाल और तनवीर सागर ने सभी प्रस्तुतियों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया। विद्यालय प्रधानाचार्या डॉ. गरिमा वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में भगत सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नेहरू सदन द्वितीय और पटेल सदन तृतीय स्थान पर रहा।
भारतीय संस्कृति से जुड़ने का मिला अवसर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
विद्यालय की उप प्रबंधक अनन्या गर्ग ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति को समझने और उससे जुड़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि लोकनृत्य हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को अभिव्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक राजीव गर्ग, उप प्रधानाचार्य क्षितिज श्रीवास्तव, कपिल मित्तल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
