कैराना/शामली (शिखर समाचार)। नगर पालिका परिषद कैराना में जनगणना कार्य को लेकर दूसरे बैच का प्रशिक्षण सोमवार को शुरू हुआ। नगर के सरस्वती शिशु मंदिर सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का जनगणना जिला प्रभारी शिवकुमार भारती ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ कर्मचारियों की तैयारियों और कार्य संबंधी जानकारी को भी परखा।
जनगणना प्रशिक्षण का जिला प्रभारी ने किया औचक निरीक्षण
प्रशिक्षण में जनगणना कार्य के लिए नियुक्त प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रोजेक्टर के माध्यम से जनगणना मोबाइल ऐप के उपयोग, प्रपत्र भरने की प्रक्रिया तथा घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने की बारीकियों के बारे में विस्तार से समझाया गया। कर्मचारियों को बताया गया कि सर्वेक्षण के दौरान प्रत्येक परिवार से सही जानकारी प्राप्त करना और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आंकड़े दर्ज करना बेहद जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रभारी शिवकुमार भारती ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मचारियों से विभिन्न सवाल पूछे और उनकी समझ तथा कार्यक्षमता का आकलन किया।
जनगणना के आंकड़ों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: शिवकुमार भारती
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/\
उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी सफलता कर्मचारियों की गंभीरता और जिम्मेदारी पर निर्भर करती है। इसलिए सभी प्रगणक और सुपरवाइजर पूरी सावधानी एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जनगणना के आंकड़ों में किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को प्रत्येक जानकारी पूरी सटीकता के साथ दर्ज करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनगणना नोडल रविंद्र कुमार, प्रशिक्षक सुशील कुमार रवि और प्रशांत कुमार सहित प्रशिक्षण में शामिल अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
