गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार)। तहसील क्षेत्र स्थित होटल ली पैलेस में मंगलवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, जिलाधिकारी कविता मीना तथा मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 162 जोड़ों का विवाह संपन्न
समारोह के दौरान जनपद के कुल 162 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज एवं धार्मिक मान्यताओं के अनुसार संपन्न कराया गया, जिसमें हिंदू तथा मुस्लिम दोनों समुदायों के जोड़े शामिल रहे। शासन की मंशा के अनुरूप सभी 162 नवविवाहित जोड़ों को सरकार द्वारा निर्धारित अनुदान राशि, गृहस्थी का आवश्यक सामान और विवाह प्रमाण पत्र भेंट किए गए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी नवदंपतियों को सुखमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
नवदंपतियों के वोटर आईडी बनवाने के लिए मौके पर तैनात रहे बीएलओ
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
समारोह में जिलाधिकारी कविता मीना ने उपस्थित लोगों से अपील की कि जिन नवविवाहितों के वोटर आईडी कार्ड अब तक नहीं बने हैं, वे प्राथमिकता से अपने पहचान पत्र बनवाएं। इसके लिए कार्यक्रम स्थल पर ही बीएलओ की विशेष तैनाती की गई थी, जिन्होंने मौके पर ही फार्म भरवाने की प्रक्रिया पूरी की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख, खंड विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी सहित तमाम अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
