——डीएम कविता मीना ने सरकारी और निजी अस्पतालों से मिशन से जुड़ने की अपील की
हापुड़ (शिखर समाचार)। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, पारदर्शी और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में मंगलवार को सरस्वती मेडिकल कॉलेज, पिलखुवा में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम), उत्तर प्रदेश के अंतर्गत जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कविता मीना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जनपद के डिजिटल स्वास्थ्य इकोसिस्टम में सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य सेवाओं का एकीकरण करना रहा। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने तथा आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ेंगे सरकारी और निजी अस्पताल
सम्मेलन में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आभा आईडी निर्माण, हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री, हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्रेशन और डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड्स के महत्व की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था के माध्यम से मरीजों के चिकित्सा संबंधी रिकॉर्ड को सुरक्षित रूप से एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे मरीजों को बार-बार पुराने मेडिकल दस्तावेज साथ लेकर अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और चिकित्सकों को भी उपचार के दौरान आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।
डिजिटल हेल्थ मिशन से जुड़ें निजी अस्पताल और चिकित्सक: जिलाधिकारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कविता मीना ने अपने संबोधन में कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन स्वास्थ्य क्षेत्र में एक क्रांतिकारी पहल है, जो चिकित्सा सेवाओं को अधिक सुलभ, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से जनपद के नागरिकों का डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है, जिससे सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। उन्होंने जनपद के सभी निजी अस्पतालों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं से आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जनपद में मजबूत डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित की जा सकती है।
