गौतमबुद्धनगर (शिखर समाचार)। दीपावली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को प्रदेश सरकार ने बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ प्रदान किया गया। इसके लिए सरकार की ओर से कुल 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। इस पहल से लाखों परिवारों को त्योहार के अवसर पर आर्थिक राहत मिलेगी और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर उनकी चिंता भी कम होगी।
गौतमबुद्धनगर में 94,174 उज्ज्वला लाभार्थियों को मिली गैस सब्सिडी
इसी क्रम में गौतमबुद्धनगर के कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद स्तरीय गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लखनऊ में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार सहित जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, जिला पूर्ति अधिकारी, अन्य अधिकारी और उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने मुख्यमंत्री के संबोधन और राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अमित कुमार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने माताओं और बहनों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। पहले जहां महिलाओं को खाना बनाने के लिए पारंपरिक ईंधन पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब एलपीजी गैस के माध्यम से उन्हें धुएं से मुक्ति और सुविधाजनक रसोई की व्यवस्था मिली है। उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर सिलेंडर रिफिल सब्सिडी उपलब्ध कराना सरकार की जनकल्याणकारी सोच और गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
दो चरणों में मिलेगा निःशुल्क सिलेंडर रिफिल का लाभ, 639.50 रुपये की सब्सिडी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/\
जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को दो चरणों में निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ दिया जाना है। प्रथम चरण अक्टूबर 2026 से दिसंबर 2026 तक और द्वितीय चरण जनवरी 2027 से मार्च 2027 तक संचालित होगा। जनपद गौतमबुद्धनगर में आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान 94,174 लाभार्थी महिलाओं को प्रति लाभार्थी 639.50 रुपये की सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 939.50 रुपये निर्धारित है, जिसमें राज्य सरकार की ओर से 639.50 रुपये और केंद्र सरकार की ओर से 300 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। इस प्रकार पात्र लाभार्थियों को सिलेंडर रिफिल कराने में बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम सहित आपूर्ति विभाग के निरीक्षक, अन्य संबंधित अधिकारी और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं। दीपावली से पहले मिली इस सौगात को लाभार्थी परिवारों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।
