ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्राम खोदना खुर्द में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 6000 वर्ग मीटर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये है। यह कार्रवाई प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख एवं परियोजना विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार ग्राम खोदना खुर्द के खसरा संख्या 502 स्थित भूमि पर कुछ कॉलोनाइजर अवैध रूप से प्लॉटिंग करने का प्रयास कर रहे थे। संबंधित भूमि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त संपत्ति है। इस पर अवैध कब्जे और निर्माण की सूचना मिलने पर प्राधिकरण ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।
परियोजना विभाग के कार्य वृत्त-2 की ओर से वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में प्रबंधक रोहित गुप्ता, पर्यवेक्षकों तथा प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की टीम ने सोमवार दोपहर अभियान चलाकर अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। करीब दो घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान अवैध प्लॉटिंग और निर्माण संबंधी गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया।
भविष्य में सख्त कार्रवाई की चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव ने चेतावनी दी है कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति अथवा स्वीकृत मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में किसी भी भूमि या भूखंड की खरीद से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से उसकी पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अवैध कॉलोनियों में निवेश कर आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने बताया कि भविष्य में भी अवैध कब्जों और अनधिकृत कॉलोनियों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण या अवैध निर्माण का प्रयास किए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
