ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। जनपद गौतमबुद्धनगर को ‘जिला निर्यात हब’ के रूप में और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्यात संवर्धन से जुड़े विभिन्न मुद्दों, चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें निर्यातकों, उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
निर्यात संवर्धन पर विस्तृत प्रस्तुति
बैठक में उप महानिदेशक विदेश व्यापार हेमंत कुमार ने विदेश व्यापार महानिदेशालय की वर्तमान और प्रस्तावित पहलों, निर्यात को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं तथा प्रक्रियाओं के सरलीकरण से संबंधित विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि गौतमबुद्धनगर प्रदेश के सभी जनपदों में निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी स्थान रखता है और उत्तर प्रदेश के कुल निर्यात में इसकी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है।
एचएचईडब्ल्यूए एसोसिएशन के अध्यक्ष सी.पी. शर्मा ने निर्यातकों की व्यावहारिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए विदेश व्यापार महानिदेशालय, सीमा शुल्क विभाग तथा एक्सपोर्ट क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन से जुड़ी चुनौतियों पर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। उद्योग प्रतिनिधियों ने बताया कि एडवांस ऑथराइजेशन एवं ईपीसीजी लाइसेंस के संशोधन और समापन की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब हो रहा है। इसके अलावा आयातक-निर्यातक कोड प्रोफाइल तथा डिजिटल हस्ताक्षर के अद्यतन में भी तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सीमा शुल्क और आईजीएसटी रिफंड पर चिंता
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
निर्यातकों ने सीमा शुल्क विभाग से जुड़ी समस्याओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इनलैंड कंटेनर डिपो पर माल की जांच में अत्यधिक समय लगता है। वैल्यूएशन और क्लासिफिकेशन से संबंधित मामलों में बार-बार पूछताछ, आईजीएसटी रिफंड के निस्तारण में देरी तथा अधिकारियों और निर्यातकों के बीच समुचित समन्वय का अभाव भी प्रमुख समस्याओं में शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि निर्यातकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद को एक मजबूत निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिलाधिकारी ने दिए समाधान के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
उप महानिदेशक विदेश व्यापार हेमंत कुमार ने निर्यातकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी तथा विभाग हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। बैठक में उपायुक्त उद्योग एवं सदस्य सचिव पंकज निर्वाण ने निर्यात वृद्धि के लिए विभागीय समन्वय और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।
बैठक में भारत दीप, अनिल अग्रवाल, अनभय साध, पी.के. कपूर, शशि नांगिया सहित अनेक निर्यातक और उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
