मोदीनगर (शिखर समाचार)।
राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली भारतीय भारोत्तोलक मीराबाई चानू का सोमवार शाम दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित वेटलिफ्टिंग वॉरियर्स अकादमी में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अभ्यास, अनुशासन, अपने प्रशिक्षक पर अटूट विश्वास और देश के लिए खेलने का जज्बा ही किसी खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी को कठिन परिस्थितियों से सीख लेकर निरंतर मेहनत करते रहना चाहिए, तभी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
चार खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
समारोह में राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता मथुपाडी राजा, ऋषिकांत सिंह और लवप्रीत सिंह को भी सम्मानित किया गया। चारों खिलाड़ियों ने द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित प्रशिक्षक विजय शर्मा के मार्गदर्शन में इसी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। अकादमी की ओर से सभी खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों के अकादमी पहुंचते ही प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों ने फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा और खिलाड़ियों ने अपने आदर्शों के साथ तस्वीरें खिंचवाकर उनका आशीर्वाद लिया।
खिलाड़ियों की उपलब्धियों की हुई सराहना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/privacy-policy/
इस अवसर पर व्यापारी नेता रामकिशोर अग्रवाल, भाजपा नेता पवन सिंघल, उद्यमी राज ढींगरा, सभासद मोनू धामा, शिवम गोयल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा गया कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनकी सफलता से देश का गौरव विश्व स्तर पर बढ़ा है।
