हरिद्वार (शिखर समाचार)।
सावन के प्रथम सोमवार पर दक्षेश्वर महादेव मंदिर में उमड़े शिवभक्तों के बीच जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सेवाओं तथा श्रद्धालुओं के सुचारु एवं पंक्तिबद्ध दर्शन की व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सावन के प्रथम सोमवार पर श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रहती है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी सतर्कता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
परिवार के साथ किया भगवान शिव का जलाभिषेक
इसके बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपने परिवार के साथ दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि, प्रदेशवासियों के कल्याण तथा कांवड़ मेला-2026 के सकुशल संपन्न होने की कामना की।
श्रद्धालुओं से की स्वच्छता और सहयोग की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/privacy-policy/
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में मौजूद शिवभक्तों को फल और पेयजल वितरित कर उनका स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने, प्रशासन का सहयोग करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।
इस दौरान प्रशासन, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
