—-हिन्दी भवन में वरिष्ठ अधिकारियों और आवेदकों के समक्ष सम्पन्न हुआ पीएम आवास योजना का ड्रॉ
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 1,493 परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हो गया। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा लोहिया नगर स्थित हिन्दी भवन में आयोजित पारदर्शी एवं निष्पक्ष लॉटरी ड्रॉ के जरिए इन आवासों का आवंटन सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया।
पारदर्शी लॉटरी से 1,493 पात्र परिवारों को मिले आवास
यह लॉटरी योजना संख्या 932/41डी के अंतर्गत ग्राम शाहबाद उर्फ मीठेपुर (खसरा संख्या 46 व 47) तथा ग्राम मिर्जापुर (खसरा संख्या 126, 128 व 129) में निर्मित EWS आवासों के लिए निकाली गई। निर्धारित नियमों व मानकों के तहत आयोजित इस प्रक्रिया में 1,493 पात्र आवेदकों को आवास आवंटित किए गए, जबकि भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए 138 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) में रखा गया है।
आवंटन की पूरी प्रक्रिया अपर सचिव, वित्त नियंत्रक, विशेष कार्याधिकारी, परियोजना अधिकारी (डूडा) समेत अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की प्रत्यक्ष निगरानी में पूरी हुई। सभागार में बड़ी संख्या में आवेदक और उनके परिजन मौजूद रहे, जिनके सामने पूरी पारदर्शिता और व्यवस्थित ढंग से पर्चियां निकाली गईं।
घर मिलने की खुशी से खिले लाभार्थियों के चेहरे
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
ड्रॉ में नाम आते ही सभागार में मौजूद लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे और खुशी का माहौल बन गया। लाभार्थियों ने अपना घर मिलने पर केंद्र व प्रदेश सरकार तथा विकास प्राधिकरण का आभार जताया। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि कमजोर वर्ग के पात्र परिवारों को सुरक्षित छत और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में यह कदम उठाया गया है।
