आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के खजाने में जल्द ही बड़ी रकम आने वाली है। शनिवार को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में आयोजित एक मेगा नीलामी में प्राधिकरण की 20 विभिन्न संपत्तियों पर सफल बोलियां लगाई गईं। इस नीलामी प्रक्रिया से जीडीए को कुल 213.33 करोड़ रुपये की शानदार आय प्राप्त होने की संभावना है।
नीलामी में आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक और होटल भूखंडों के लिए जमकर बोलियां लगीं। इस पूरी प्रक्रिया में सबसे बड़ा आकर्षण इंदिरापुरम के शक्तिखंड-4 स्थित एक होटल का भूखंड रहा, जिसकी नीलामी से सर्वाधिक 113.93 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। इसके अलावा मधुबन बापूधाम योजना के 3 औद्योगिक भूखंडों की नीलामी से प्राधिकरण को 52.25 करोड़ रुपये और कोयल एन्क्लेव योजना के 2 ग्रुप हाउसिंग भूखंडों से 29.80 करोड़ रुपये की आय हुई।
मेगा नीलामी में संपत्तियों पर लगीं करोड़ों की बोलियां
शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी संपत्तियों की अच्छी मांग देखने को मिली। इंदिरापुरम के ज्ञानखंड-3 में 5 दुकानों के भूखंड 7.65 करोड़ रुपये में, जबकि इंद्रप्रस्थ योजना (पॉकेट-एच) के 4 व्यावसायिक भूखंड 5.77 करोड़ रुपये में नीलाम हुए।
इसके साथ ही, अंबेडकर रोड डिस्ट्रिक्ट सेंटर योजना का 1 व्यावसायिक भूखंड 2.87 करोड़ रुपये, यूपी बॉर्डर (पॉकेट ए) के 3 दुकान भूखंड 59 लाख रुपये और इंदिरापुरम न्यायखंड-3 का 1 कन्वीनियेंट शॉपिंग भूखंड 43 लाख रुपये की उच्चतम बोली पर नीलाम हुआ।
पारदर्शी प्रक्रिया से हुई नीलामी, विकास कार्यों को मिलेगी गति
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पूरी नीलामी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष और नियमों के सख्त पालन के साथ संपन्न हुई है।
इस नीलामी से मिलने वाली भारी-भरकम राशि का इस्तेमाल गाजियाबाद की आगामी विकास परियोजनाओं को गति देने, बुनियादी ढांचे के निर्माण और शहरवासियों के लिए नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए किया जाएगा।
