शामली (शिखर समाचार)। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किए गए। ऊन तहसील में जिलाधिकारी आलोक यादव, शामली तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्येन्द्र सिंह तथा कैराना तहसील में मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। तीनों तहसीलों में कुल 127 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
ऊन तहसील में 32 शिकायतें, तीन का मौके पर निस्तारण
ऊन तहसील में 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी आलोक यादव ने भूमि संबंधी मामलों में संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष जनसेवा शिविर भी लगाया गया। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा।
शामली तहसील में 64 शिकायतें पहुंचीं, जिनमें तीन का मौके पर समाधान हुआ। अपर जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह ने अधिकारियों को शेष शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
कैराना में 31 शिकायतें, दो का मौके पर समाधान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कैराना तहसील में 31 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें दो का मौके पर निस्तारण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल ने अधिकारियों को शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समय से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। तीनों स्थानों पर संबंधित उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
