हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में गंगा घाटों के जीर्णोद्धार और सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने हरकी पैड़ी एवं रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण और मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घाटों और पुलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
गंगा घाटों की मरम्मत और सुरक्षा रेलिंग के कार्यों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था यूपीडीसीसी के अधिकारियों को गंगा नहर बंदी की अवधि का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान घाटों के जलमग्न रहने वाले हिस्सों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम प्राथमिकता से पूरा किया जाए, ताकि कुंभ शुरू होने से पहले सभी घाट श्रद्धालुओं के स्नान और आवागमन के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित हो सकें। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त ऊंचाई और मजबूती वाली सुरक्षा रेलिंग तथा जंजीरें लगाने के निर्देश दिए। मौके पर स्थापित रेलिंग की मजबूती और उनकी गुणवत्ता भी परखी।
इसके बाद उन्होंने हाथीपुल पर चल रहे मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने पुल पर निर्धारित ऊंचाई तक सुरक्षा रेलिंग लगाने का काम शीघ्र पूरा करने के साथ प्रवेश स्थल और स्तंभों पर स्थापित मूर्तियों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। पुल पर पर्याप्त और उपयुक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
घाटों के सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्यों को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/\
अपर मेलाधिकारी ने यूपीडीसीसी के अधिकारियों के साथ विष्णुघाट, कुशावर्त घाट, गौ घाट, सुभाष घाट और मालवीय द्वीप क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त टाइल्स और पत्थरों को शीघ्र बदलने तथा नए निर्माण में पहले से मौजूद टाइल्स और पत्थरों के रंग, आकार एवं स्वरूप में एकरूपता बनाए रखने को कहा, ताकि घाटों का मूल स्वरूप और सौंदर्य बरकरार रहे।
उन्होंने सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेला कार्यालय की तकनीकी शाखा के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक सुमित मलवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
