बिजनौर (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे फरियादियों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में 22 शिकायतें, दो का मौके पर निस्तारण
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 22 शिकायती एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी जसजीत कौर ने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
स्थलीय सत्यापन के बाद निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त शिकायतों का आवश्यकता के अनुसार स्थलीय सत्यापन और जांच कर निष्पक्षता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर स्मृति मिश्रा, तहसीलदार सदर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
