बिजनौर (शिखर समाचार)। जिला कृषि, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी के अंतर्गत रविवार से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का नया दौर शुरू होगा। इंदिरा बाल भवन के प्रांगण में 20 से 28 सितंबर 2026 तक विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बोर्ड द्वारा पारित प्रस्ताव संख्या-06, दिनांक 25 जुलाई 2026 के क्रम में अध्यक्षों और संयोजकों की नियुक्तियां भी कर दी गई हैं।
20 सितंबर से शुरू होगा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी रामपाल सिंह ने नियुक्त सभी संयोजकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अपने कार्यक्रमों से संबंधित अध्यक्षों से संपर्क कर निर्धारित तिथि पर कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कार्यक्रम में अनैतिक, अश्लील अथवा धार्मिक भावनाओं के विरुद्ध किसी प्रकार का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए। आयोजन के दौरान निर्धारित नियमों और मर्यादाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
देशभक्ति कार्यक्रम से कवि सम्मेलन तक होंगे आयोजन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत 20 सितंबर रविवार को देशभक्ति कार्यक्रम ‘मां तुझे प्रणाम’ से होगी। इसके बाद 21 सितंबर सोमवार को कव्वाली, 22 सितंबर मंगलवार को गजल रात्रि, 23 सितंबर बुधवार को मुशायरा तथा 24 सितंबर गुरुवार को कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शनी के अंतर्गत आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में संगीत, साहित्य, कविता और देशभक्ति की प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। कार्यक्रमों को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह है तथा आयोजकों ने निर्धारित तिथियों पर कार्यक्रमों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
