खतौली/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। तहसील खतौली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिकायतों के निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों की आवश्यकता के अनुसार मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच की जाए। महिला अपराध से संबंधित शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान दिवस में बिजली, भूमि विवाद समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें पहुंचीं।
इस दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने समाधान दिवस में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और शिकायतकर्ताओं को साइबर अपराध तथा साइबर ठगी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल संबंधित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने के लिए भी प्रेरित किया गया। समाधान दिवस में स्थानीय अधिकारियों के अलावा संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
प्रगतिशील किसान रवि गर्ग को पंपिंग सेट देकर किया सम्मानित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/’
समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी ने कृषक उपहार योजना के अंतर्गत प्रगतिशील किसान रवि गर्ग को पंपिंग सेट प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने किसानों से उपलब्ध आधुनिक साधनों का उपयोग करते हुए खेती को अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
