मेरठ (शिखर समाचार)।
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए मेरठ परिक्षेत्र पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था संबंधी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परिक्षेत्र के चारों जनपदों मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 4500 से अधिक पुलिसकर्मियों, पीएसी तथा बीएसएफ की तैनाती की गई है।
मोहर्रम की तिथियां और कार्यक्रम तय
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी नई परंपरा को अनुमति नहीं दी जाएगी। मोहर्रम का पर्व 17 जून 2026 से प्रारंभ होगा, जबकि दसवीं मोहर्रम यानी ताजिया और मुख्य जुलूस का आयोजन 26 जून 2026 को प्रस्तावित है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि परिक्षेत्र में कुल 93 स्थानों पर 241 मजलिसें आयोजित की जाएंगी। वहीं कुल 395 जुलूस निकाले जाएंगे और 560 ताजिए स्थापित किए जाएंगे। परिक्षेत्र में 81 कर्बला स्थल चिन्हित किए गए हैं, जहां धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
सुरक्षा बलों की भारी तैनाती और तकनीकी निगरानी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
सुरक्षा व्यवस्था के लिए 7 अपर पुलिस अधीक्षक, 25 क्षेत्राधिकारी, 102 निरीक्षक, 512 उपनिरीक्षक, 922 मुख्य आरक्षी, 1540 आरक्षी, 832 होमगार्ड एवं पीआरडी जवानों के साथ एक कंपनी पीएसी तथा एक कंपनी बीएसएफ को तैनात किया गया है।
इसके अलावा जुलूस मार्गों पर 1072 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। परिक्षेत्र में 83 स्थानों को संवेदनशील या हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है। सुरक्षा के लिए 24 जोन, 81 सेक्टर और 59 क्यूआरटी टीमें गठित की गई हैं। जुलूस मार्गों पर 47 संवेदनशील स्थानों की विशेष निगरानी की जाएगी।
प्रशासनिक तैयारियां और सामुदायिक संवाद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अब तक 130 शांति समिति बैठकें, 120 विभागीय बैठकें और 114 अंजुमन गोष्ठियां आयोजित की जा चुकी हैं।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ताजियादारों के साथ बैठकें पूर्ण कर मार्गों का भौतिक निरीक्षण किया जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
सोशल मीडिया निगरानी और शांति व्यवस्था पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/bank-of-baroda-celebrate-118th-foundation-day/
पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई करने, पैदल गश्त बढ़ाने और नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।
मेरठ परिक्षेत्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मोहर्रम के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
