कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम-एसपी ने की समीक्षा, शिविरों के पंजीकरण और सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
DM and SP Review Preparations for Kanwar Yatra; Stress Registration of Camps and Strengthening Security Arrangements | IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

हापुड़ (शिखर समाचार)। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में जनपदीय अधिकारियों, प्रमुख शिव मंदिरों के पुजारियों, प्रबंधकों एवं कांवड़ सेवा शिविर संचालकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने मंदिर समितियों के साथ समन्वय बनाकर दर्शन व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रमुख मंदिरों में जिग-जैग बैरिकेडिंग, अलग प्रवेश एवं निकास द्वार, महिलाओं, दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग कतार तथा पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

कांवड़ शिविरों के पंजीकरण और सुरक्षा मानकों पर जोर

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर लगाए जाने वाले सभी भंडारा एवं सेवा शिविरों का उप जिलाधिकारी कार्यालय में पंजीकरण अनिवार्य होगा। प्रत्येक शिविर में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही डीजे की ऊंचाई अधिकतम 12 फीट तथा ध्वनि स्तर 75 डेसीबल से अधिक नहीं होने के निर्देश देते हुए सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से पालन कराने को कहा।

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ पिंक बूथ भी स्थापित किए जाएंगे। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए व्यापक इंतजाम

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रत्येक दो से तीन किलोमीटर पर चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, ओआरएस, पेयजल टैंकर और प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निकाय एवं विद्युत विभाग को कांवड़ मार्ग पर स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट, मोबाइल शौचालय, डस्टबिन और नियमित सफाई की व्यवस्था करने के लिए कहा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग शिविरों में तैयार होने वाले भोजन और प्रसाद की गुणवत्ता की जांच करेगा। साथ ही मीट-मांस की दुकानों को कांवड़ मार्ग से 100 मीटर दूर रखने और ढककर संचालित करने तथा सभी प्रतिष्ठानों पर रेट सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी, मंदिर समितियों के प्रतिनिधि और शिविर संचालक उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment