हल्द्वानी (शिखर समाचार)। नगर निगम सभागार में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में 151 से अधिक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ एवं मेरी आवाज सुनो फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। समारोह की अध्यक्षता डॉ. रेनू शरण ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी.सी. खंडूरी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देकर किया गया।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान और प्रेरणा संदेश
समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में डॉ. रेनू शरण ने कहा कि युवा राष्ट्र का भविष्य हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मिला यह सम्मान उनके अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. आर.डी. शर्मा का आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए संस्था की सराहना की। विशिष्ट अतिथि एवं संस्था के राष्ट्रीय महासचिव पंडित आदेश फौजी ने कहा कि अनुशासन, सेवा, समर्पण और कठोर मेहनत से ही सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने आयोजकों को पटका पहनाकर तथा भगवान परशुराम की प्रतिमा एवं मतदाता ही राष्ट्र निर्माता पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।
आयोजन और मंच संचालन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
कार्यक्रम का संचालन मीना जोशी एवं कविता तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। मंचासीन अतिथियों का स्वागत जिलाध्यक्ष मीना राणा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। समारोह में नैनीताल जनपद के संस्कृत विद्यालयों तथा केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और भारतीय माध्यमिक शिक्षा प्रमाणपत्र बोर्ड के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर तन्नु शुक्ला, प्रदीप शर्मा, अशोक पांडे, दीपक शर्मा, सुमित बाल्मीकि, योगेश गोस्वामी, सुमन पाठक, विधा जोशी, संगीता गुप्ता, गीता पांडे, रेनू रौतेला सहित संस्था के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
