150 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आएगा देवबंद, सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Deoband to Come Under the Surveillance of 150 CCTV Cameras, Strengthening Security and Cleanliness Arrangements IMAGE CREDIT TO नगर पालिका

देवबंद/सहारनपुर (शिखर समाचार)। नगर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका परिषद देवबंद ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सोमवार को पालिका सभागार में चेयरमैन विपिन कुमार गर्ग की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में प्रमुख बाजारों, चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा नगर के प्रवेश और निकास मार्गों पर 150 सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। कैमरों के माध्यम से नगर में होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ आपराधिक घटनाओं की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।

आवारा कुत्तों की नसबंदी और एंटी रेबीज टीकाकरण अभियान पर सहमति

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

बैठक में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए व्यापक नसबंदी अभियान चलाने और उन्हें एंटी रेबीज टीके लगाने का निर्णय लिया गया। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत कूड़ा प्रबंधन की प्रक्रिया की ऑनलाइन निगरानी और केंद्रीय पोर्टल के माध्यम से उसकी निगरानी करने पर भी सहमति बनी। घर-घर कूड़ा संग्रहण और गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण को प्रभावी बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा आवश्यक उपविधियां लागू करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ।

पालिका की आय बढ़ाने के लिए लाइसेंस शुल्क की दरें बढ़ाने का निर्णय

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

पालिका की आय बढ़ाने और उसे आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लाइसेंस शुल्क की दरों में वृद्धि तथा यूनीपोल और प्रचार-प्रसार से संबंधित नियमावली तैयार करने का निर्णय लिया गया। बैठक में फरवरी से जून तक के आय-व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया। इस दौरान 27 सभासद सहित अधिशासी अधिकारी राजपति बेस, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक पोपिन कुमार और अवर अभियंता कामेंद्र सिंह मौजूद रहे। बैठक में नामित सभासद मंजू शर्मा के 17 अगस्त को हुए आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

Share This Article
Leave a comment