मोदीनगर (शिखर समाचार)। बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से मुलाकात कर मोदीनगर स्थित राज्य सरकार के अधीन संचालित कर्मचारी राज्य बीमा सेवा अस्पताल को कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अधीन लेकर अत्याधुनिक एकीकृत ट्रॉमा एवं आपातकालीन चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग की। सांसद ने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपते हुए पूर्व में उठाए गए मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया।
सांसद ने कहा कि मोदीनगर और आसपास का क्षेत्र प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में श्रमिक और कर्मचारी कार्यरत हैं। औद्योगिक दुर्घटनाओं के साथ-साथ सड़क हादसों में घायल लोगों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र में आधुनिक ट्रॉमा, आपातकालीन और गंभीर रोग उपचार सुविधाओं से युक्त केंद्र की आवश्यकता है। ऐसे केंद्र की स्थापना से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को भी बड़ी चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं लेने का सुझाव
डॉ. राजकुमार सांगवान ने केंद्र के संचालन को लेकर सुझाव दिया कि शुरुआती चरण में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के लिए नोएडा स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल तथा दिल्ली और साहिबाबाद के कर्मचारी राज्य बीमा निगम चिकित्सा संस्थानों से आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं ली जा सकती हैं। इससे अतिरिक्त मानव संसाधन और वित्तीय भार को सीमित रखते हुए चिकित्सा सेवाएं शुरू की जा सकेंगी।
जागरूकता अभियान और आयुष्मान योजना से समन्वय
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सांसद ने कर्मचारी राज्य बीमा निगम की चिकित्सा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित जागरूकता एवं संपर्क अभियान चलाने का भी सुझाव दिया। उन्होंने प्रस्तावित ट्रॉमा केंद्र को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के साथ आवश्यकतानुसार समन्वित करने की बात भी रखी। इससे सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों में आम नागरिकों को भी समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
