—-एमडीडीए ने जारी किया 16 दिवसीय शेड्यूल, नागरिकों, भू-स्वामियों और संस्थाओं को सुझाव व आपत्तियां दर्ज कराने का मौका
देहरादून (शिखर समाचार)।
देहरादून महायोजना-2041 (प्रारूप) पर प्राप्त आपत्तियों और सुझावों के निस्तारण के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सेक्टरवार जनसुनवाई कार्यक्रम जारी कर दिया है। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देशों के बाद तय शेड्यूल के मुताबिक, यह सुनवाई 6 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक विभिन्न स्थानों पर आयोजित की जाएगी। इसमें संबंधित सेक्टर के नागरिक, भू-स्वामी, संस्थाएं और हितधारक अपने सुझाव और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। एमडीडीए द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रत्येक सेक्टर के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं और सभी सुनवाइयां पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 5 बजे तक आयोजित होंगी।
महायोजना-2041 देहरादून के सुनियोजित, संतुलित और सतत विकास की आधारशिला है। इसमें आवासीय, व्यावसायिक, संस्थागत, औद्योगिक, हरित क्षेत्र, परिवहन व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े विभिन्न प्रावधान शामिल किए गए हैं। जनसुनवाई प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त सुझावों और आपत्तियों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार महायोजना में संशोधन व परिमार्जन किया जाएगा। एमडीडीए प्रशासन ने सभी संबंधित नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने सेक्टर के लिए निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर रचनात्मक सुझाव दें, ताकि देहरादून की भावी विकास योजना को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाया जा सके।
अधिकारियों ने कहा- शहर के बेहतर भविष्य के लिए सहभागिता जरूरी
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 शहर के दीर्घकालिक विकास का महत्वपूर्ण दस्तावेज है और इसकी सफलता पूरी तरह जनसहभागिता पर निर्भर करती है। नागरिकों, विशेषज्ञों और विभिन्न संस्थाओं से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमानुसार उनका परीक्षण किया जाएगा। वहीं, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि जनसुनवाई प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक सेक्टर में निर्धारित स्थल पर अधिकारियों की टीम उपस्थित रहेगी, जो प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों का अभिलेखीकरण करेगी। उन्होंने सभी हितधारकों से निर्धारित तिथियों में आयोजित जनसुनवाई में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया है।
यह रहेगा जनसुनवाई का पूरा शेड्यूल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्राधिकरण द्वारा जारी कार्यक्रम के तहत 06 जुलाई 2026 को सेक्टर-1 के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय, अजबपुर खुर्द में सुनवाई होगी। 07 जुलाई को सेक्टर-2 के लिए ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, 08 जुलाई को सेक्टर-3 के लिए दून यूनिवर्सिटी कैंपस, 09 जुलाई को सेक्टर-4 के लिए नगर निगम टाउन हॉल, 10 जुलाई को सेक्टर-5 के लिए महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज और 13 जुलाई को सेक्टर-6 के लिए आईटीआई पार्क में जनसुनवाई होगी।
इसके बाद 14 जुलाई को सेक्टर-7 के लिए जीआरडी यूनिवर्सिटी (राजपुर रोड), 15 जुलाई को सेक्टर-8 के लिए सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज (राजपुर रोड), 17 जुलाई को सेक्टर-9 के लिए ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, 18 जुलाई को सेक्टर-10 के लिए तहसील देहरादून (मिनी टाउन हॉल), 20 जुलाई को सेक्टर-11 के लिए पॉलीटेक्निक भवन (सुधोवाला) और 21 जुलाई 2026 को सेक्टर-12 के लिए वाइल्ड लाइफ इंस्टिट्यूट (चंद्रबनी रोड) में जनसुनवाई संपन्न होगी।
