हापुड़ (शिखर समाचार): सांसद प्रतिनिधि की बेटी के विवाह समारोह से चोरी हुआ कन्यादान का बैग बरामद, शातिर आरोपी गिरफ्तार
हापुड़। मेरठ-हापुड़ सांसद अरुण गोविल के प्रतिनिधि अशोक बबली की पुत्री के विवाह समारोह से कन्यादान की रकम से भरा ट्रॉली बैग चोरी करने वाले शातिर आरोपी को हापुड़ देहात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.80 लाख रुपये नकद, एक चाकू और वीआईपी लोगों के नाम वाले 14 खाली लिफाफे बरामद किए हैं।
हापुड़ देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि 11 जुलाई को अशोक बबली की पुत्री का विवाह समारोह आयोजित किया गया था। समारोह में क्षेत्र के विधायक, व्यापारी, जनप्रतिनिधि और शहर की कई गणमान्य हस्तियां शामिल हुई थीं। इसी दौरान एक शातिर चोर खिड़की तोड़कर कमरे में घुस गया और कन्यादान की नकदी से भरा ट्रॉली बैग लेकर फरार हो गया था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर हापुड़ देहात थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
रविवार रात उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ भीमनगर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एलएन रोड-लोधीपुर मार्ग पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे संजू निवासी भीमनगर को गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद हुई नकदी और वीआईपी नाम वाले लिफाफे
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए बैग में काफी नकदी थी, जिसमें से वह 5.10 लाख रुपये खर्च कर चुका है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.80 लाख रुपये नकद, चोरी किया गया ट्रॉली बैग और वीआईपी लोगों के नाम वाले 14 खाली लिफाफे बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
