शामली (शिखर समाचार)। हरियाणवी संगीत और मनोरंजन जगत से जुड़े गायक एवं अभिनेता अंकित बालियान की शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात थाना कोतवाली शामली क्षेत्र में हुई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।
जानकारी के अनुसार अंकित बालियान शामली के गांव बंतीखेड़ा के मूल निवासी थे और हरियाणा के रोहतक तथा सोनीपत में रहकर गायक एवं अभिनेता के रूप में काम कर रहे थे। बताया गया कि वह जिम से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान तीन से चार अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से अंकित बालियान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही कोतवाली शामली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
हरियाणवी गीतों से बनाई पहचान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अंकित बालियान ने हरियाणवी संगीत जगत में अपनी पहचान बनाई थी। उनका चर्चित गीत “भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान, जज के भी आवेंगे पसीने” काफी लोकप्रिय हुआ था। रोहतक और सोनीपत में रहकर वह संगीत और अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय थे।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से अंकित बालियान को जिम से निकलते समय तीन-चार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
