शामली (शिखर समाचार)। महाराजा अग्रसेन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को शामली में अग्रवाल समाज की ओर से दो भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिल्ली रोड स्थित सिटी ग्रीन मैरिज होम में ‘एक शाम महाराजा अग्रसेन के नाम’ भजन संध्या हुई, जबकि मिल रोड स्थित अग्रसेन पार्क में मां लक्ष्मी आह्वान यज्ञ एवं अग्र गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया गया। दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया।
सिटी ग्रीन मैरिज होम में सजी ‘एक शाम महाराजा अग्रसेन के नाम’ भजन संध्या
अखिल भारतीय अग्रवाल समाज ट्रस्ट के तत्वावधान में सिटी ग्रीन मैरिज होम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आचार्य चंचल शर्मा के सान्निध्य में पंडित हिमांशु मुंडेपी, सुधीर मुंडेपी, हितेश नवानी और अवधेश शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कराया। इस दौरान 108 ज्योत प्रज्वलित कर दिव्य दरबार सजाया गया। सिरसा से आए राजेश गोयल ‘रिंकू’ और दिल्ली से आईं भावना स्वरांजलि ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। ट्रस्ट अध्यक्ष आकाश गुप्ता ने बताया कि 400 से अधिक परिवारों और 2000 से ज्यादा लोगों की सहभागिता समाज की एकजुटता का प्रमाण है।
अग्रसेन पार्क में मां लक्ष्मी आह्वान यज्ञ एवं अग्र गौरव सम्मान समारोह
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/’
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के तत्वावधान में अग्रसेन पार्क में आयोजित यज्ञ एवं सम्मान समारोह का शुभारंभ अरविंद संगल ने महाराजा अग्रसेन के चित्र पर तिलक और माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने ‘एक ईंट और एक रुपया’ का सिद्धांत देकर सहयोग और समानता की प्रेरणा दी। यज्ञ के बाद चंचल गोयल, संजय संगल, आकाश गुप्ता, गौरव मित्तल, पंकज गुप्ता, अंजलि गर्ग और महेश गोयल को अग्र गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विपिन मित्तल ने किया।
