वायु प्रदुषण महा अभियान : निगम अधिकारियों ने ग्राउंड जीरो पर की कार्यों की मॉनिटरिंग

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Air Pollution Mega Campaign: Municipal Officials Monitor Work on Ground IMAGE CREDIT TO NAGAR NIGAM

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए गाजियाबाद में नगर निगम ने महा अभियान चलाया हुआ है। अभियान के तहत नगर निगम अधिकारी लगातार सड़कों पर उतरकर कार्यों के मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रातः भ्रमण के दौरान गाजियाबाद नगर निगम अधिकारियों ने मोहन नगर तथा सिटी जोन अंतर्गत वायु गुणवत्ता सुधार के लिए महा अभियान चलाया। मौके पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, प्रभारी उद्यान डॉक्टर अनुज तथा जलकल विभाग से आश कुमार उपस्थिति रहे, जिनके द्वारा अपनी अपनी टीम से सड़कों को धूल मुक्त करने के साथ-साथ सड़कों की पानी से धुलाई भी कराई गई। रोटरी गोल चक्कर होते हुए नागद्वार, रोटरी गोल चक्कर से एलिवेटेड रोड, रोटरी गोल चक्कर से मेरठ रोड, मेरठ रोड से हापुड चुंगी होते हुए राजनगर एक्सटेंशन रेड लाइट तथा दुहाई तक निगम सीमा अंतर्गत क्षेत्र में अभियान चलाया गया। अभियान के तहत रोटरी गोल चक्कर के चारों तरफ धूल को हटाते हुए पानी से छिड़काव किया गया और पेड़ पौधों पर लगी हुई धूल को हटाया गया एवं पेड़ पौधों की कटिंग भी कराई गई। मेरठ रोड से दुहाई रोड तक विशेष रूप से अभियान चलाने के लिए टीम को निर्देश दिए गए, जिसमें स्वास्थ्य विभाग को विशेष कार्यवाही करने के लिए कहा गया।
उपकरणों के माध्यम से तथा सफाई मित्रों के सहयोग से गाजियाबाद नगर निगम शहर हित में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए महा अभियान चला रहा है। निर्माण विभाग विशेष कार्यवाही के तहत सड़कों को सीएंडडी वेस्ट से मुक्त कर रहा है तथा अवैध रूप से कंस्ट्रक्शन मैटेरियल सड़कों पर बेचने पर चालान की कार्यवाही भी की जा रही है। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने बताया गया कि नगर निगम के पांचो जोन में लगातार इसी तरह अभियान चलाया जाएगा, जिससे वायु प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके।

Share This Article
Leave a comment