हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को रुड़की से बहादराबाद और हरिद्वार तक चल रहे निर्माण एवं सड़क मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न निर्माण स्थलों पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे करने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
15 दिनों में सड़क मरम्मत और सर्विस लेन का कार्य पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को रुड़की के बड़ेड़ी राजपूताना से बहादराबाद टोल प्लाजा तक सड़क मरम्मत और सर्विस लेन निर्माण का कार्य अगले 15 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कार्यों के दौरान कोई समस्या सामने आती है तो संबंधित अधिकारी तत्काल उच्चाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उसका समाधान कराएं, ताकि निर्धारित समय पर काम पूरा हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेला-2027 की तैयारियां शासन की प्राथमिकता में हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण स्थलों पर पर्याप्त श्रमिकों और आवश्यक मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
शंकराचार्य चौक से डाम कोठी तक सड़क सुधार कार्यों का लिया जायजा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इसके बाद जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की ओर से शंकराचार्य चौक से डाम कोठी क्षेत्र तक कराए जा रहे सड़क सुधार कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को काम में तेजी लाकर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम लोगों के साथ श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग विकास त्यागी, सहायक अभियंता भारत भूषण, रुड़की के तहसीलदार विकास अवस्थी, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।
