उद्यमियों की समस्याओं पर प्रशासन सख्त, 15 दिन में कार्रवाई कर रिपोर्ट देने के निर्देश

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Administration Takes Strict Action on Entrepreneurs’ Issues, Directs Officials to Submit Action Report Within 15 Days IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देशन में नगर मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।

औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए दिए निर्देश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

इंद्रप्रस्थ योजना के पॉकेट-बी में मिट्टी भराव कर भूमि का समतलीकरण कराने के मामले में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता ने बताया कि कार्य प्रगति पर है और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करा दिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण से संबंधित नाला निर्माण, सड़क निर्माण और अन्य समस्याओं पर चर्चा के दौरान नगर मजिस्ट्रेट ने उप महाप्रबंधक (सिविल) सलिल यादव को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्रों में यातायात जाम, अतिक्रमण और अवैध रूप से खड़े वाहनों की समस्या के समाधान के लिए सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) को कार्रवाई करने को कहा गया।

विद्युत विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए वन विभाग और उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, मुरादनगर के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रस्तुत अन्य समस्याओं और लंबित मामलों पर भी चर्चा की गई।

15 दिन में कार्रवाई पूरी कर देनी होगी अनुपालन आख्या

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

नगर मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बैठक में उठाए गए बिंदुओं पर 15 दिन के भीतर कार्रवाई पूरी कर आगामी उद्योग बंधु बैठक से पहले अनुपालन आख्या उपलब्ध कराएं। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग आशुतोष सिंह ने किया। इसमें सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात), गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और नगर निगम के अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय प्रबंधक, बाट एवं माप विभाग के प्रबंधक, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक पर्यावरण अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment