हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ-2027 के आयोजन को लेकर मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ पंतद्वीप, रोड़ी-बेलवाला और चंडी चौक क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। बारिश के बीच हुए निरीक्षण में निर्माण कार्यों की प्रगति, प्रमुख मार्गों, पुलों, घाटों और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक सुधार करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
कुंभ-2027 की तैयारियों का निरीक्षण, घाटों और मार्गों में सुधार के निर्देश
टीम ने सबसे पहले कांगड़ा पुल और संजय पुल के संगम के निकट पंतद्वीप की नोक वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित बनाने के लिए मार्गों और प्लेटफॉर्म की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों को अनुपयोगी और क्षतिग्रस्त खंभे हटाने, खंभों और पेड़ों से लटक रहे तारों, रस्सियों तथा अनावश्यक सामग्री को हटाने के निर्देश दिए गए। घाटों की साफ-सफाई, प्लेटफॉर्म को व्यवस्थित रखने और सौंदर्यीकरण के कार्य जल्द पूरे करने पर भी जोर दिया गया।
इसके बाद रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में निर्माणाधीन प्रशासनिक मार्ग और चंडी पुल पर बन रहे दोहरी लेन के भूमिगत मार्ग की प्रगति की समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि कुंभ के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
सड़क चौड़ीकरण और सुरक्षित आवागमन पर विशेष जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
चंडी चौक से वाल्मीकि चौक तक सड़क चौड़ीकरण और सुधार कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों से कहा गया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए पैदल श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन और यातायात संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान सोनिका अपने लैपटॉप पर तैयारियों की समीक्षा करती रहीं और व्यवस्थाओं से जुड़ी कार्ययोजनाओं का जायजा लिया।
मेलाधिकारी ने विभिन्न स्थलों पर समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। निरीक्षण में उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
