विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा हरिद्वार प्रशासन, बूथों की सूची दो दिन में देने के निर्देश

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Haridwar Administration Prepares for Assembly Elections, Directs Officials to Submit Polling Booth Lists Within Two Days. IMAGE CREDIT TO REPORTER

हरिद्वार (शिखर समाचार)। वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।

विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन ने तेज की तैयारियां

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जिलाधिकारी ने जनपद में लाइसेंसी शस्त्रों का सत्यापन कराने और नियमानुसार उन्हें जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शस्त्र जमा कराने की प्रक्रिया में निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए, ताकि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में कोई बाधा न आए। दुकानदारों और बैंकों में तैनात सुरक्षा कर्मियों के लाइसेंसी शस्त्रों के संबंध में भी नियमानुसार आवश्यक जानकारी और आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों और बूथों का सत्यापन कराने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को बूथों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच कर सूची दो दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सहायक निर्वाचन अधिकारियों (एआरओ) तथा जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती से संबंधित सूचियां तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा, ताकि निर्वाचन कार्यों की जिम्मेदारियां समय रहते निर्धारित की जा सकें।

राजनीतिक दलों के साथ बैठक और अवैध शराब पर निगरानी के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों और व्यवस्थाओं को लेकर नियमित संवाद बनाए रखा जाए, जिससे पारदर्शिता और आपसी समन्वय सुनिश्चित हो सके।

चुनाव के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से नियमित जांच करने और अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्वाचन तैयारियों की लगातार समीक्षा करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर जोर दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी, उपजिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, एसएलओ आकाश जोशी, जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिनजोला, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली, खंड विकास अधिकारी लक्सर परवीन भट्ट, रुड़की की खंड विकास अधिकारी सुमन कोटियाल, खानपुर के खंड विकास अधिकारी आलोक गार्गेय, पवन सैनी, तहसीलदार लक्सर दीवान सिंह राणा, तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment