हरिद्वार (शिखर समाचार)। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने रविवार देर शाम हरिद्वार भ्रमण के दौरान कुंभ मेला-2027 से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने सबसे पहले एडमिन रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और सड़क की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद चंडी चौक के समीप निर्माणाधीन बॉक्स कलवर्ट पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 की दृष्टि से एडमिन रोड और इससे जुड़े कार्य महत्वपूर्ण हैं, इसलिए पर्याप्त संसाधन एवं श्रमशक्ति लगाकर इन्हें समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच के निर्देश भी दिए।
मंडलायुक्त ने अमरापुर घाट एवं साक्षी सतनाम घाट के
मंडलायुक्त ने अमरापुर घाट एवं साक्षी सतनाम घाट के निकट निर्माणाधीन नए घाटों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि घाटों का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा उन्होंने गंग नहर की बंदी अवधि में प्रस्तावित कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की और सामग्री, संसाधन तथा श्रमशक्ति की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा। आनंद स्वरूप ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि, मनोज कुमार भट्ट, डीपी सिंह, प्रवीण कुश, योगेश कुमार और अनुभव नौटियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
