सहारनपुर (शिखर समाचार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर सहारनपुर नगर निगम द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री जाहरवीर गोगा महाड़ी परिसर स्थित स्वच्छ कुंड पर 11 हजार आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा मां शाकंभरी कान्हा उपवन गोशाला, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, काशीराम कॉलोनी तथा रेलवे स्टेशन पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा के चारों ओर भी बड़ी संख्या में आशीर्वाद के दीये जलाकर राष्ट्र की समृद्धि की कामना की जाएगी। कार्यक्रमों को लेकर नगर निगम के मां शाकंभरी सभाकक्ष में महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान महापौर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
17 सितंबर से शुरू होंगे राष्ट्रव्यापी स्वच्छता और सेवा अभियान
महापौर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’, ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत विकसित भारत’, ‘सेवा संकल्प’ और ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम सात बजे प्रमुख एवं धार्मिक स्थलों तथा घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर की जाएगी।
वार्डों में स्वच्छता अभियान और जनसहभागिता की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने कहा कि शुभारंभ दिवस पर मोहल्ला समितियों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सभी वार्डों में श्रमदान, स्वच्छता अभियान और स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। महापौर ने लोगों से भी घर-घर दीया जलाकर राष्ट्र की समृद्धि की कामना करने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और अधिकारियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए। नगरायुक्त शिपू गिरि ने अधिकारियों को सभी वार्डों और नालों में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा पेड़ों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पांचों स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को भी कहा।
