हरिद्वार (शिखर समाचार)। गौकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्सर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गौकशी में प्रयुक्त उपकरणों के साथ गौवंशीय पशु का सिर और खाल के टुकड़े बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर गौ तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जिले में लगातार जांच और दबिश अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार पांच सितंबर को रायसी चौकी क्षेत्र के गांव कंकरखाता के पास कुछ व्यक्तियों द्वारा गौकशी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गौवंशीय पशु का सिर तथा खाल के टुकड़ों को कब्जे में लिया। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
कुछ ही घंटों में तीन आरोपी गिरफ्तार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने क्षेत्र में सघन जांच, निगरानी और संदिग्ध लोगों से पूछताछ के साथ लगातार दबिश दी। पुलिस के अनुसार सुरागरसी और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप कुछ ही घंटों में घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को गौकशी में प्रयुक्त उपकरणों सहित हिरासत में ले लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने कहा कि जिले में गौ तस्करी, गौकशी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
पूछताछ में 19 अगस्त की घटना में संलिप्तता का भी दावा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/privacy-policy/
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 19 अगस्त को भी गांव कंकरखाता क्षेत्र में गौकशी की घटना में संलिप्त होना स्वीकार किया है। पुलिस ने कोतवाली लक्सर में उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में गौ तस्करी और गौकशी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
