हापुड़ (शिखर समाचार)। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की 35वीं वार्षिक आम सभा में हापुड़ चैप्टर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चार श्रेणियों में सम्मान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। नोएडा के एक होटल में एक सितंबर को आयोजित समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हापुड़ चैप्टर की टीम को सम्मानित किया। एक साथ चार श्रेणियों में पुरस्कार मिलने से हापुड़ के उद्यमियों में खुशी का माहौल है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल की अध्यक्षता में आयोजित वार्षिक सभा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने वर्षभर की गतिविधियों, आय-व्यय और बैलेंस शीट का विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में देश की अर्थव्यवस्था में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने उद्यमियों से पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान करते हुए जल संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।
हापुड़ चैप्टर को मिला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का पुरस्कार
समारोह में विभिन्न चैप्टरों द्वारा वर्षभर किए गए कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया। हापुड़ चैप्टर को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला चैप्टर चुना गया। इसके अलावा चैप्टर के चेयरमैन पवन शर्मा को सर्वश्रेष्ठ चेयरमैन का पुरस्कार मिला। चैप्टर को शत-प्रतिशत बैठक उपस्थिति तथा शत-प्रतिशत उद्योग बंधु बैठक उपस्थिति के लिए भी पुरस्कार प्रदान किया गया।
चार श्रेणियों में सम्मान मिलने से उद्यमियों में खुशी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से चार श्रेणियों में सम्मान प्राप्त करने पर हापुड़ चैप्टर की टीम ने खुशी जताई और इसे संगठन की एकजुटता तथा वर्षभर की सक्रिय कार्यप्रणाली का परिणाम बताया। समारोह में हापुड़ चैप्टर के सचिव लवलीन गुप्ता, कोषाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, विजय शंकर शर्मा, अशोक छारिया, शांतनु सिंघल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
