गाजियाबाद (शिखर समाचार)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गाजियाबाद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शहर के रेलवे स्टेशनों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली उपासना पाण्डेय के नेतृत्व में थाना विजयनगर पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी के साथ संयुक्त रूप से रेलवे स्टेशन परिसर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। सुरक्षा जांच के दौरान डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल स्क्वाड की टीम भी मौजूद रही।
रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म से प्रतीक्षालय तक जांच
संयुक्त पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर तथा यात्रियों के बैठने वाले स्थानों की बारीकी से जांच की। इसके अलावा स्टेशन परिसर के आसपास के क्षेत्रों को भी खंगाला गया। पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान की जांच करने के साथ ही यात्रियों से पूछताछ की। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के बैग और अन्य सामान की भी गहनता से पड़ताल की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान डॉग स्क्वाड ने स्टेशन परिसर और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर सघन तलाशी ली। वहीं बम डिस्पोजल टीम ने भी संभावित संवेदनशील स्थानों की जांच की। पुलिस ने विशेष रूप से लावारिस सामान और संदिग्ध वस्तुओं पर नजर रखी। यात्रियों को भी जागरूक करते हुए पुलिस टीम ने अपील कि स्टेशन या सार्वजनिक स्थान पर कोई लावारिस वस्तु दिखाई देने पर उसे छुएं नहीं और तत्काल पुलिस को सूचना दें।
संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस टीम ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बातचीत की और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। एसीपी उपासना पाण्डेय ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को अधिक मजबूत किया गया है।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। रेलवे स्टेशन, बाजार, भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख मार्गों पर लगातार चेकिंग की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की निगरानी के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का यह विशेष चेकिंग अभियान स्वतंत्रता दिवस तक लगातार जारी रहेगा।
