गाजियाबाद (शिखर समाचार)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर हर घर तिरंगा अभियान और वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन की ओर से नेहरू नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में भव्य तिरंगा कॉन्सर्ट का आयोजन किया गया। देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। पूरे सभागार में तिरंगे और देशभक्ति के नारों का उत्साह देखने को मिला।
सांसद अतुल गर्ग ने किया नागरिकों से राष्ट्रहित में जिम्मेदारी निभाने का आह्वान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश का गौरवशाली राष्ट्रीय पर्व है। उन्होंने कहा कि देश 2047 में स्वतंत्रता की शताब्दी और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में राष्ट्रीय पर्वों के प्रति नागरिकों की श्रद्धा, सहभागिता और समर्पण की भावना और अधिक मजबूत हो रही है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम स्थल पर शंभू दयाल इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेटस तथा गुरु नानक इंटर कॉलेज की छात्राओं के बैंड ने अतिथियों का भव्य स्वागत किया। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ और सांसद अतुल गर्ग ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने बताया कि 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, संस्थानों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।
वंदे मातरम के सामूहिक गायन ने बांधा समां
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सुशीला गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने संपूर्ण वंदे मातरम का सामूहिक गायन प्रस्तुत किया। इस दौरान सभागार में मौजूद सभी लोग सम्मानपूर्वक खड़े होकर गायन में शामिल हुए। देशभक्ति के इस भावपूर्ण दृश्य ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।
रानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका, श्रीठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय की छात्राओं की हर घर तिरंगा विषयक नृत्य प्रस्तुति और नींव शक्ति संस्था के दिव्यांग बच्चों का सामूहिक देशभक्ति कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। हाईटेक वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों और कलाकार उज्ज्वल ने कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं प्रसिद्ध गायक गौरव शर्मा ने देशभक्ति गीतों की लाइव प्रस्तुति देकर दर्शकों में जोश भर दिया।
सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए लगाए गए स्टॉल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र, बेसिक शिक्षा विभाग, स्वयं सहायता समूह और खादी विभाग की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी एवं स्टॉल भी लगाए गए। इनके माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने सभी प्रतिभागी कलाकारों एवं विद्यार्थियों को सम्मानित और पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन बेसिक शिक्षा विभाग की डॉ. पूनम शर्मा ने किया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक प्रदीप पांडेय, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज पुष्कर, जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्ध प्रिय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव, उप कृषि निदेशक आशीष श्रीवास्तव, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अंशुल चौहान, जिला खेल अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी एवं सुश्री नेहा वालिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
